“परीक्षा की तैयारी हमारी साझा जिम्मेदारी” थीम पर अभिभावक–शिक्षक संगोष्ठी संपन्न
दिनांक: 28 फरवरी 2026
माह के अंतिम शनिवार को विद्यालय में अभिभावक–शिक्षक संगोष्ठी (पीटीएम) का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस संगोष्ठी का मुख्य विषय था— “परीक्षा की तैयारी, हमारी साझा जिम्मेदारी”। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र–छात्राओं के अभिभावक अपने बच्चों के साथ उपस्थित रहे। विद्यालय परिसर में शिक्षा, सहभागिता और सकारात्मक संवाद का सजीव वातावरण देखने को मिला, जहां अभिभावकों और शिक्षकों ने बच्चों के शैक्षणिक प्रदर्शन, समग्र विकास तथा आगामी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान शिक्षक बी.के. भारतीय ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि परीक्षा की तैयारी केवल विद्यालय की नहीं, बल्कि अभिभावकों और शिक्षकों की संयुक्त जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावक–शिक्षक समन्वय को बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बताते हुए गृहकार्य की नियमित समीक्षा, समय-प्रबंधन और बच्चों के साथ सतत संवाद पर विशेष बल दिया।
‘सुरक्षित शनिवार’ कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षिका आशना एजाज और सीमा कुमारी ने जल संरक्षण तथा जल के महत्व पर विस्तार से चर्चा कर विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने दैनिक जीवन में जल के विवेकपूर्ण उपयोग और पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन कुमारी सैयद आशना एजाज ने प्रभावी ढंग से किया, जिससे पूरा आयोजन सुव्यवस्थित रूप से आगे बढ़ा। धन्यवाद ज्ञापन सीमा कुमारी द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय शिक्षक समिति की सचिव पूनम कुमारी भी उपस्थित रहीं और अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। कार्यक्रम में खुशबू देवी, रोशनी देवी, पल्लवी कुमारी, कविता देवी, चंद्रावती कुंवर, सुशीला देवी, राजमुनी देवी, कांति देवी, संजय यादव, अंकित कुमार, प्रभु राय, संतोषी देवी सहित अनेक अभिभावक मौजूद रहे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया। छात्राओं पुष्पा कुमारी, नंदनी कुमारी, अलका कुमारी और राधा कुमारी ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। वहीं अंश कुमार, कृष्ण कुमार, आर्यन कुमार और ऋचा कुमारी ने गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों को अभिभावकों और शिक्षकों ने खूब सराहा।

